Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

बढ़नी नगर पंचायत के 9 सभासदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, चेयरमैन और EO पर लगाए गंभीर आरोप

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश: बढ़नी नगर पंचायत में चल रहे विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है, जहां 11 निर्वाचित सभासदों में से 9 ने नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (EO) पर भ्रष्टाचार और तानाशाही का आरोप लगाते हुए अपना सामूहिक इस्तीफा जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर को सौंप दिया है।

सभासदों ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष और ईओ मिलकर अनुचित कार्यों को अंजाम दे रहे हैं और इन कार्यों का समर्थन करने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि आउटसोर्सिंग के जरिए अपने चहेतों को नौकरी देकर कर्मचारियों से हड़ताल करवा दी गई है, जिससे नगर पंचायत का कामकाज ठप हो गया है।

सभासदों के अनुसार, चेयरमैन और ईओ प्रशासनिक कार्यों में भी मनमानी कर रहे हैं। जनता के लिए बनने वाले पहचान पत्र और अन्य प्रमाणपत्रों में भी अध्यक्ष का दखल रहता है। साथ ही, निर्माण कार्यों के ठेके भी अपने पसंदीदा लोगों को दिए जा रहे हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। सभासदों का यह भी आरोप है कि जब भी वे कोई जानकारी मांगते हैं, तो उन्हें उपलब्ध नहीं कराई जाती है और उनकी बातों को अनसुना कर दिया जाता है।

अध्यक्ष और ईओ ने आरोपों को किया खारिज
इस्तीफे के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने इन आरोपों को “निराधार” बताया है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा सभासदों के हितों की रक्षा करते हैं और इस इस्तीफे के पीछे कुछ और वजह है। वहीं, ईओ अजय कुमार ने भी इन आरोपों को “ओछे” करार दिया और कहा कि यह त्यागपत्र देने वालों का निजी मसला है।

त्यागपत्र देने वाले सभासद: सतीश शर्मा, रजीऊद्दीन, निजाम अहमद, दरख्शां, आसमा खातून, दीपमाला, मनोज यादव, कन्हैया लाल मित्तल, और अहमद।