Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर स्थित नगर पंचायत बढ़नी में मंगलवार को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। पुरानी मिल के पास स्थित आबादी की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बढ़नी नगर पंचायत में एक पुरानी मिल के समीप स्थित सरकारी आबादी की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार राजस्व कर्मियों व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को तत्काल रोकने का निर्देश दिया।
विरोध के बीच गरजा बुलडोजर
प्रशासनिक टीम जैसे ही ध्वस्तीकरण के लिए आगे बढ़ी, कब्जाधारकों ने इसका जोरदार विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और लोग नगर पंचायत के बुलडोजर के सामने ही धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्र और तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहने पर प्रशासन ने सख्ती अपनाई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने बाधा डालने वालों को वहां से हटाया और बाउंड्री वॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस मामले में ढेबरुआ पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की है।