माहभर के भीतर दो बाइक और कई चोरी की वारदात हो चुकी है जिनमें प्रथम सूचना तक दर्ज नहीं हुई।
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया, जिसमें एक भाजपा नेता का घर भी शामिल है। यह घटना ढेबरुआ थानाक्षेत्र के सेवरा गांव की है, जहां नेशनल हाईवे 730 पर स्थित घरों में सेंधमारी हुई। इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी चुराई
चोरों ने दुर्गा प्रसाद पाठक, जितेंद्र पाठक और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर पाठक के घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर छत के रास्ते प्रवेश किया।
दुर्गा प्रसाद पाठक के घर से लगभग 7 लाख रुपये के जेवरात, महंगी साड़ियां और 3000 रुपये नकद चोरी हुए।
जितेंद्र पाठक के घर से लगभग 3.5 लाख रुपये के जेवरात और 1.05 लाख रुपये नकद चुराए गए।
भाजपा नेता सिद्धार्थ शंकर पाठक के घर से 50 चांदी के सिक्के, 2 पायल, महंगी साड़ियां और 50,000 रुपये नकद सहित कुल लगभग 2 लाख रुपये की चोरी हुई।
भाजपा सरकार में भाजपा नेता का घर भी सुरक्षित नहीं
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में खासी नाराजगी है। लोग कह रहे हैं कि जब भाजपा की सरकार में भाजपा नेता का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा। यह घटना पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सीधे-सीधे सवाल उठाती है। क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है, जिससे चोरों का मनोबल बढ़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ जांच से कुछ नहीं होगा, बल्कि पुलिस को अपराधियों को तुरंत पकड़कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस घटना ने अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दबाव बढ़ा दिया है।