Kapilvastupost
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बढ़नी में ‘राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और जागरूकता बढ़ाना था।
जागरूकता अभियान और शपथ ग्रहण
राष्ट्रीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी ने उपस्थित समस्त स्टाफ और आमजन को कुष्ठ संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि समाज से कुष्ठ रोग के प्रति होने वाले भेदभाव को मिटाना है और रोगियों को मुख्यधारा से जोड़ना है।
डॉ. अविनाश चौधरी ने बीमारी के लक्षणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कुष्ठ रोग एक साध्य बीमारी है, जो नियमित उपचार से पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने जनता से अपील की यदि शरीर के किसी भी हिस्से पर सुन्न दाग या धब्बे दिखाई दें, तो इसे छिपाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। समय पर पहचान और पूर्ण उपचार ही इस बीमारी के उन्मूलन का एकमात्र प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा कर्मियों ने समाज को कुष्ठ मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नॉन-मेडिकल सुपरवाइजर ओमप्रकाश त्रिपाठी, राम सहाय वर्मा, मकसूदन यादव और अमृता पांडेय सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मी व कर्मचारी मौजूद रहे।