सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा ने क्षेत्र में यूरिया खाद के संकट को लेकर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को पत्र लिखा था। विधायक ने दावा किया है कि इस पत्र के जवाब में खुद मंत्री ने उन्हें फोन कर स्थिति की जानकारी ली और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
विधायक विनय वर्मा ने अपने जारी किए गए बयान में कहा कि उन्होंने शनिवार को कृषि मंत्री को पत्र लिखकर शोहरतगढ़ में किसानों को हो रही यूरिया की कमी और अन्य समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जिलाधिकारी, कृषि विभाग और एआर कोआपरेटिव के संबंधित अधिकारी इस संकट के लिए जिम्मेदार हैं और इस मामले में उनकी लापरवाही और अनियमितता की जांच होनी चाहिए।
अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
विनय वर्मा ने अपने बयान में अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी जानबूझकर उन्हें सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी नहीं दे रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि विधायक बैठकों में जनसमस्याओं को उठाएंगे, जिससे उनकी “कलई खुल जाएगी”।
उन्होंने बताया कि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनसे न सिर्फ खाद संकट की स्थिति के बारे में जानकारी ली, बल्कि जिलाधिकारी के संबंध में भी पूछताछ की। वर्मा ने कहा कि उन्होंने मंत्री को सभी समस्याओं से अवगत करा दिया है।
“जनता प्रथम” पर जोर
विधायक ने आशा व्यक्त की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में “जनता प्रथम” की नीति के तहत जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होगा। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई है कि जनता की उपेक्षा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विनय वर्मा ने फोन पर समस्याओं को जानने और समाधान का भरोसा देने के लिए कृषि मंत्री का आभार भी व्यक्त किया है।