शोहरतगढ़, (सिदार्थनगर): शोहरतगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक विनय वर्मा ने बुधवार को महदेवा नानकार गांव में 80.81 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का भूमिपूजन किया। यह सामुदायिक केंद्र एकीकृत विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में बनाया जाएगा।
विधायक विनय वर्मा ने कहा कि यह सामुदायिक केंद्र महदेवा नानकार और सेमरा गांव के लोगों के लिए, विशेषकर शादियों जैसे आयोजनों के लिए, एक महत्वपूर्ण स्थल बनेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि विधायक का काम सिर्फ विकास परियोजनाएं लाना है, जबकि कार्यदाई संस्था और विभागीय अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि काम मानक के अनुसार हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर काम में गुणवत्ता की कमी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
माँ पल्टादेवी मंदिर पर पर्यटन कार्यों को लेकर जताई नाराजगी
इसके बाद विधायक विनय वर्मा पर्यटन विभाग द्वारा शक्ति पीठ मां पल्टादेवी मंदिर में 56.79 लाख रुपये की लागत से करवाए गए विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए पहुंचे। लेकिन, मौके पर शिलापट्ट न होने से वह बेहद नाराज़ हुए और उन्होंने लोकार्पण करने से मना कर दिया।
उन्होंने मौके पर मौजूद जिला पर्यटन अधिकारी प्रिया सिंह और विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर से विकास कार्यों के बारे में जानकारी मांगी। इस दौरान एक पत्थर में दरार देखकर उन्होंने रोष जताया और निर्देश दिया कि जब तक पत्थर बदला नहीं जाता, तब तक भुगतान न किया जाए।
इस मौके पर महंत घनश्याम गिरि, बब्लू गिरि, प्रदीप कमलापुरी, रामदास मौर्य, दीनानाथ पाण्डेय, मयंक शुक्ल, विष्णु सिंह, अखिलेश पासवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।