झांकी, आरती, ध्यान और मटकी फोड़ ने बांधा भक्तिमय समां
सिद्धार्थनगर: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ओम फिटनेस योग संस्थान (सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट) द्वारा जिले के विभिन्न योग केंद्रों एवं पार्कों में योग साधना के साथ जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन विशेष योग साधना से हुई। योगाभ्यास के उपरांत साधकों द्वारा भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसके बाद सामूहिक आरती एवं ध्यान का आयोजन हुआ। इस दौरान पूरा प्रांगण ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों और मधुर भक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा।
बाल स्वरूप और मटकी फोड़ रहा आकर्षण का केंद्र
समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र पारंपरिक ‘मटकी फोड़’ प्रतियोगिता रही, जिसमें महिला व पुरुष साधकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इसके अलावा राधा-कृष्ण की झांकी और पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे नन्हें-मुन्ने बच्चों के बाल स्वरूप ने सभी का मन मोह लिया।
कर्म, प्रेम और संतुलित जीवन का संदेश देता है जन्माष्टमी: योगाचार्य
इस अवसर पर योगाचार्य धर्मेंद्र प्रजापति (योगी धर्मेश्वर) ने संबोधित करते हुए कहा, “श्री कृष्ण जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह योग, ध्यान, कर्म, प्रेम और जीवन में संतुलन का संदेश देता है। भगवान श्री कृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से निष्काम कर्म और संतुलित जीवन की प्रेरणा दी है। योग और ध्यान भी हमें इसी स्वस्थ जीवनशैली की ओर ले जाते हैं। योग के साथ पर्व मनाने का मुख्य उद्देश्य अपनी संस्कृति, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक चेतना को एक सूत्र में पिरोना है।”
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी, शोभा पांडे, रंजना, संजय, सोहन, संतोष, ऊषा, अनीता, सरिता, संतलाल, माधुरी, मीनू, सुशीला, शीतल, प्रेम चौरसिया, विंदु, गीता, मीना सहित अनेक साधक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।