शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। विधानसभा शोहरतगढ़ के विकास खण्ड शोहरतगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सूर्यकुडिया में आयोजित धनुष यज्ञ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव (शि0 मंच) अनिल चौधरी ने शनिवार देर शाम आयोजन स्थल पर पहुँचकर फीता काटा और विधि-विधान से कार्यक्रम की शुरुआत की।
सांस्कृतिक आयोजन एकता का प्रतीक: अनिल चौधरी
उद्घाटन के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अनिल चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये कार्यक्रम हमारी प्राचीन परंपराओं और अटूट आस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि धनुष यज्ञ जैसे कार्यक्रमों से न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आपसी भाईचारा भी प्रगाढ़ होता है। साथ ही, इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होता है और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलती है।
वरिष्ठ अधिवक्ता कमलाकान्त चौधरी से की शिष्टाचार भेंट
कार्यक्रम के पश्चात अनिल चौधरी ग्राम पंचायत सूर्यकुडिया स्थित सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कमलाकान्त चौधरी के पैतृक आवास पहुंचे। वहां उन्होंने अधिवक्ता महोदय से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त कर आशीर्वाद लिया। अनिल चौधरी ने कहा कि कमलाकान्त जी जैसे अनुभवी और सकारात्मक विचार वाले व्यक्तित्व समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं, और उनका सानिध्य प्राप्त होना सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर अनिल चौधरी के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।