चिल्हिया/सिद्धार्थनगर: चिल्हिया थाना क्षेत्र के बसठा गांव के पास गुरुवार की शाम उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। कार की जोरदार टक्कर से पैदल जा रही एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:00 बजे बसठा गांव के पास एक कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार ने पहले बाइक सवार सत्यम चौबे को टक्कर मारी और फिर पैदल जा रही गीता देवी (37) पत्नी अखिलेश को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान गीता देवी ने दम तोड़ दिया।
भागने की कोशिश में पेड़ से जा टकराई कार
हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला, लेकिन उसकी लुका-छिपी ज्यादा देर नहीं चली। जोगिया थाना क्षेत्र के धेन्सा नानकार मार्ग पर कार फिर से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक बोर्ड और पेड़ से जा टकराई। खुद को घिरता देख चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों में मचा कोहराम
गीता देवी की मौत की सूचना जैसे ही उनके घर पहुँची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायल सत्यम चौबे की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चिल्हिया और जोगिया थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।