Thursday, February 12, 2026
डुमरियागंज

इटवा: मतदाता पुनरीक्षण (SIR) में भारी धांधली का आरोप, BLO की कार्यशैली पर उठे सवाल, कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। इटवा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है। जनप्रतिनिधियों ने निर्वाचन विभाग और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में मतदाताओं के नाम काटने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है।

BLO पर दबाव और भेदभाव का आरोप
शिकायत के अनुसार, गंगवाल, भैंसाही, कुसमी और भदोखर जैसे बूथों पर कुछ राजनीतिक पदाधिकारियों द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर दबाव बनाकर गलत तरीके से ‘फॉर्म-7’ भरवाए जा रहे हैं। आरोप है कि एक विशेष समुदाय के मतदाताओं को लक्षित कर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की योजना बनाई जा रही है।

नोटिस की सेवा में लापरवाही
गंभीर मामला भाग संख्या 160 की BLO गायत्री देवी से जुड़ा है। मतदाताओं का आरोप है कि उन्हें नोटिस की जानकारी तक नहीं दी जा रही है। जब मतदाता संपर्क करते हैं, तो BLO द्वारा टालमटोल भरा जवाब दिया जाता है। इससे मतदाता अपना पक्ष रखने के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो रहे हैं।

डेटा त्रुटि और गलत मैपिंग
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि 2003 की वोटर लिस्ट से मिलान और हार्ड कॉपी के सत्यापन के बाद ही नोटिस जारी होंगे, लेकिन बिना समुचित सत्यापन के भारी संख्या में नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इससे जनता के बीच भ्रम और आक्रोश की स्थिति है।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
उप जिला अधिकारी (SDM) को सौंपे गए पत्र में मांग की गई है कि दोषी BLO के खिलाफ कार्रवाई की जाए, गलत तरीके से जारी नोटिसों को निरस्त किया जाए और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुरक्षित रखे जाएं।