Thursday, February 12, 2026
डुमरियागंज

इटवा: पेंडारी में बाबा साहेब की नई प्रतिमा स्थापित, दोषियों को जेल भेजने की उठी मांग

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत इटवा के पेंडारी गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा चोरी होने की घटना के बाद, प्रशासन के सहयोग से बुधवार (4 फरवरी 2026) को नई प्रतिमा की पुनर्स्थापना की गई। इस दौरान भारी संख्या में लोग और बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

दोषियों को मिले कड़ी सजा: बसपा जिलाध्यक्ष
मौके पर पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र गौतम ने कहा कि बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटना का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर दोषियों को उचित धाराओं में जेल भेजा जाए।
सुरक्षा और निर्माण का मिला आश्वासन
पूर्व जिला महासचिव शमीम अहमद ने नगर पंचायत प्रशासन से बौद्ध विहार को सुरक्षित करने की अपील की। उन्होंने मांग की कि प्रतिमा के ऊपर छत और चारों तरफ बाउंड्री वॉल का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए। इस पर अधिशासी अधिकारी (EO) इटवा ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा और निर्माण कार्य जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी इंद्रजीत गौतम, पूर्व जिला प्रभारी वीरू पासवान, विधानसभा अध्यक्ष (इटवा) राधेश्याम गौतम, जिला सचिव प्रिंस अंबेडकर, बाबूलाल गौतम सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।