Thursday, February 12, 2026
सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर- शराब के पैसों के विवाद में दोस्त ही निकला कातिल ,पुलिस ने किया खुलासा

Kapilvastupost

उस्का बाजार, सिद्धार्थनगर।

सिद्धार्थनगर जिले की उस्का बाजार पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तालभिरौना गांव में हुई चंद्रबली (55) की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में मुख्य आरोपी वासुदेव को उस्का बाजार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि शराब के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में उसने मछली काटने वाले चाकू से वार कर हत्या की थी।

क्या था पूरा मामला?

​बीती 18 जनवरी की रात उस्का बाजार थाना क्षेत्र के तालभिरौना निवासी चंद्रबली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय और एसओजी की एक विशेष टीम गठित की थी। लगातार छानबीन के बाद पुलिस आरोपी वासुदेव तक पहुँचने में कामयाब रही।

शराब और छीना-झपटी बनी मौत की वजह

​पूछताछ के दौरान आरोपी वासुदेव ने बताया कि वह शराब भट्ठी के पास मछली बेचने का काम करता है और कभी-कभी मुनीब की अनुपस्थिति में शराब भी बेचता है। घटना वाले दिन उसने और मृतक चंद्रबली ने साथ बैठकर शराब पी थी। वासुदेव के पास शराब बिक्री के पैसे थे, जिसे चंद्रबली बार-बार मांग रहा था।

​घर लौटते समय रास्ते में सुनसान पुलिया के पास दोनों के बीच पैसों की छीना-झपटी शुरू हो गई। गुस्से में आकर वासुदेव ने मछली काटने वाले चाकू से चंद्रबली पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

गुमराह करने की कोशिश

​शातिर आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने हथियार को खजूरडाड़ पुल से नदी में फेंक दिया था। पकड़े जाने के डर से उसने मृतक की पत्नी को फोन पर यह कहकर गुमराह किया कि उसने चंद्रबली को स्कूल तक सुरक्षित छोड़ दिया है।

पुलिस टीम की सफलता

​आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय, एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी हरेंद्र चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।