kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राम अचल पटेल विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति का अनूठा उदाहरण पेश किया। विद्यालय परिसर से निकाली गई 150 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा ने न केवल क्षेत्र को तिरंगे के रंग में सराबोर कर दिया, बल्कि देशभक्ति के नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
मां भारती के पूजन से हुआ शुभारंभ
यात्रा की शुरुआत विद्यालय परिसर में मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। यात्रा की कमान अमित पटेल, सतेन्द्र नाथ त्रिपाठी और अजीत पटेल ने संभाली। विद्यालय से शुरू होकर यह यात्रा गोल्हौरा होते हुए तिवारी पुर चौराहे पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल सैकड़ों छात्र-छात्राओं के जोश ने राहगीरों को भी रुकने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
तिरंगा यात्रा के उपरांत विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें साक्षी पटेल, निशा, आस्था, आर्या, सलोनी, अदिति और सिद्धि त्रिपाठी जैसे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर अनिल पटेल, सुनील चौधरी, बुद्धि सागर, अमित दूबे, रमाकांत, प्रज्ञा और मीरा सहित समस्त शिक्षक गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक लाल जी पटेल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा इस भव्य तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य हमारी युवा पीढ़ी में राष्ट्रवाद की भावना को जीवंत रखना है। 150 मीटर का यह तिरंगा केवल कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे वीर सपूतों के बलिदान और देश के गौरव का प्रतीक है। हम चाहते हैं कि हमारे छात्र शिक्षा के साथ-साथ देश की मिट्टी के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और एक सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।