Thursday, February 12, 2026
बांसी

​छत की कुंडी से लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: सदर थाना क्षेत्र के महादेवा बाजार में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर की छत की कुंडी से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

​जानकारी के अनुसार, महादेवा बाजार निवासी पिंटू (25) पुत्र जोगी बुधवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने गया था। गुरुवार की सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो उसकी मां उसे देखने गईं। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, पिंटू का शव छत की कुंडी से लटका हुआ था।

​पिंटू अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। इस दुखद घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की गहनता से जांच की और शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया।

​सदर थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।