Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

​प्राचीन मंदिर को तोड़ने के प्रयास से बढ़ सकता है तनाव, जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग

गुरु जी की कलम से
​बढ़नी , सिद्धार्थनगर: नगर पंचायत बढ़नी बाजार के वार्ड नंबर 9 स्थित एक प्राचीन मंदिर को तोड़ने के प्रयास से इलाके में तनाव की स्थिति पैदा होने के संकेत है। स्थानीय समुदाय ने इसे अपनी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर हमला बताया है। इस संबंध में स्थानीय नगर पंचायत अध्यक्ष बढ़नी  सुनील अग्रहरि ने उप-जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि बढ़नी बाजार के वार्ड नंबर 9, मु०-पुलिस चौकी के पास स्थित यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और हिंदुओं की आस्था का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। स्थानीय समुदाय की धार्मिक भावनाएं इस मंदिर से जुड़ी हुई हैं, लेकिन कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रातोंरात इसे तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

पत्र में आगे बताया गया है कि मंदिर को तोड़ने का यह प्रयास हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचा रहा है और इससे क्षेत्र का  सौहार्द बिगड़ सकता है, जिससे एक बड़े विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

पत्र में उप-जिलाधिकारी से यह निवेदन किया गया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और मंदिर को तोड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें ताकि शांति और सौहार्द बना रहे।

स्थानीय लोग अब इस मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।