Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता लाएगा ‘युक्तधारा’ भू-स्थानिक पोर्टल

Kapilvastupost

बढ़नी: मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) योजनाओं में और अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से अब ‘युक्तधारा’ नामक भू-स्थानिक पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। यह पोर्टल मनरेगा कार्यों की योजना, निगरानी और जियो-टैगिंग को आसान बनाएगा, जिससे काम में तेजी और अनियमितताओं की संभावना कम होगी।

​विकास खंड बढ़नी के अंतर्गत आने वाली गढ़रखा ग्राम पंचायत को इस पहल के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। मंगलवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी रोजगार सेवकों को इस नए पोर्टल के उपयोग और इसकी विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

​इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शाहिद सिराज ने बताया कि ‘युक्तधारा’ भारत सरकार द्वारा विकसित एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका मुख्य उद्देश्य मनरेगा और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की पारदर्शी निगरानी करना है। इस पोर्टल के माध्यम से हर कार्य का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा, जिससे समय पर काम पूरा हो सकेगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहेगी।

​युक्तधारा पोर्टल: रोजगार सेवकों के लिए एक वरदान

​इस नई व्यवस्था से रोजगार सेवकों को भी काफी राहत मिलेगी। रोजगार सेवक आलोक कुमार चौबे ने बताया कि इस पोर्टल के लागू होने से उन्हें ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। यह पोर्टल ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं को लागू करने में भी मददगार साबित होगा, जिससे कार्य में और अधिक पारदर्शिता आएगी।

​इस कार्यक्रम में मनरेगा अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शाहिद सिराज के साथ-साथ तकनीकी सहायक राकेश कुमार, लेखा सहायक दिनेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर मोइनुद्दीन और अन्य रोजगार सेवक जैसे आलोक कुमार, रामसूरत यादव, आनंद प्रकाश, विजय बहादुर, मनोज चौधरी, अमित पाठक और आशा राम बबन चौहान भी उपस्थित रहे।