Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

गांवों में चोरों का नया तरीका, उड़ते ड्रोन ने उड़ाई ग्रामीणों की नींद अब प्रधान टोलियां बनाकर कर रहे निगरानी

बढ़ती चोरी की घटनाओं और उड़ते ड्रोन की अफवाहों पर डी एम सिद्धार्थ नगर ने लिया संज्ञान 

Kapilvastupost

अंधेरे में उड़ रहे रहस्यमयी ड्रोन

​हाल ही में जनपद सिद्धार्थ नगर  के कई गांवों में रात के समय आसमान में उड़ते तेज रोशनी वाले ड्रोन देखे गए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि ये ड्रोन चोरों द्वारा रेकी करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। चोरों के घरों की निगरानी और चोरी के नए-नए तरीकों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

चोरों ने उड़ाए ड्रोन, लोगों में डर

​ग्रामीणों का कहना है कि इन ड्रोनों के जरिए चोर यह पता लगाते हैं कि किस घर में कौन सो रहा है और घर में घुसने का सबसे अच्छा रास्ता क्या है। इस डर की वजह से कई गांवों में लोग रात में जागकर पहरा दे रहे हैं। विकास खंड बढ़नी के रेकहट में ग्राम प्रधान राम सूरत यादव ने अपने गांव की निगरानी के कुल 70 लोगों की टीम बनाई है और वह दो टोलियां बनाकर गांव के दोनों किनारों पर ग्राम प्रधान के साथ ड्रैगन टॉर्च और लाठियां लेकर रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक गांव के गली मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर चहलकदमी करते हुए गांव की सुरक्षा में देखे जा सकते हैं।

​हालात की गंभीरता को देखते हुए कई गांवों के ग्राम प्रधानों ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने ग्रामीणों को इकट्ठा करके रात में पहरा देने के लिए एक सूची तैयार की है। इस सूची में गांव के युवाओं और बुजुर्गों के नाम शामिल हैं, जो बारी-बारी से रात में पहरा देंगे।

​डी एम के संज्ञान के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

​ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने लोगों से शांत रहने और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने यह भी बताया है कि कई मामलों में ड्रोन वाली खबरें सिर्फ अफवाह निकली हैं।

​पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​गांवों में चोरियों की बढ़ती घटनाएं और ड्रोन का डर, दोनों ही एक बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीणों की एकजुटता और पुलिस की सक्रियता से उम्मीद है कि इस समस्या का जल्द ही समाधान निकल जाएगा।

समाचार लिखे जाने तक जनपद के कई गांव में ग्राम निगरानी समितियां सक्रिय हो गई हैं साथ शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के धनौरा मुस्तहकम , बभनी , बौदहरी गांव में ड्रोन उड़ते देखे जाने से ग्रामीण भयभीत हैं इधर उधर फोन कर जानकारियां शेयर करते देखे गए।