Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ब्लॉक बढ़नी के ग्राम पंचायत मधवानगर में आज ‘गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा–6.0’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने इस स्वास्थ्य अभियान को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए वरदान बताया।
जनकल्याण के लिए समर्पित एक सराहनीय पहल
यह स्वास्थ्य सेवा यात्रा विशेष रूप से उन क्षेत्रों और वर्गों के लिए आयोजित की जा रही है, जहाँ बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना पुण्य का कार्य है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने कहा नर सेवा ही नारायण सेवा है। गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का यह छठा चरण इस बात का प्रमाण है कि सेवा का संकल्प कभी रुकता नहीं है। हमारा लक्ष्य समाज के उस हर वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचना है, जो आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित रह जाता है। इस पुनीत कार्य के लिए मैं सभी चिकित्सकों और स्वयंसेवकों को हृदय से बधाई देता हूँ, जो अपना बहुमूल्य समय देकर मानवता की सेवा कर रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से श्याम जायसवाल जी (वरिष्ठ भाजपा नेता),बब्बू गौतम (संच प्रमुख),महेश चौधरी (समाजसेवी), राधेश्याम (ग्राम प्रधान), शिव शंकर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन ने आयोजकों और चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके जज्बे को सलाम किया।