जिन दर्जन भर लोगों को दुकानदारों ने अधिक मात्रा में में यूरिया बेचे तो क्या जिले में यूरिया संकट के लिए यही मुट्ठीभर लोग जिम्मेदार हैं।
Kapilvastupost
शोहरतगढ़। किसानों को समय पर उर्वरक न मिलने और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच बड़ा खुलासा हुआ है। आरोप है कि जिले के कई दुकानदारों ने जिनके पास खेत तक नहीं थे, उन्हें 30 से 40 बैग तक यूरिया बेच डाले। इससे असली किसान खाद के लिए भटकते रहे।
विधायक विनय वर्मा ने इस गंभीर मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने अधिकारियों व विक्रेताओं की मिलीभगत से हो रही कालाबाजारी की उच्च स्तरीय जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने कहा कि कई विक्रेताओं ने जरूरत से ज्यादा उर्वरक कुछ लोगों को केवल कालाबाजारी के इशारे पर उपलब्ध कराया। किसानों की उपेक्षा कर यूरिया की जमाखोरी व तस्करी की गई। यही नहीं, उर्वरक को सौ से डेढ़ सौ रुपये तक अधिक दाम पर बेचने की भी शिकायतें मिली हैं, लेकिन विभाग ने उस समय कोई कदम नहीं उठाया।
उन्होंने मांग की कि डीएम की जांच से ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सकेगी। साथ ही जिन दुकानदारों ने जरूरत से अधिक यूरिया का स्टाक कर तस्करी की है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर लाइसेंस निरस्त किया जाए, ताकि किसानों को भविष्य में इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।