Thursday, February 12, 2026
डुमरियागंज

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली पर केस दर्ज, बहुसंख्यक समाज और भाजपा नेता पर अभद्र टिप्पणी का आरोप

अब्दुर्रहमान/ कठेला
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डुमरियागंज पुलिस ने एक नुक्कड़ सभा के दौरान भाजपा नेता पर अपमानजनक टिप्पणी करने और बहुसंख्यक समाज के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में शौकत अली सहित सात नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को शौकत अली ने जबजौवा और चकमझारी गांवों में चुनावी या जनसंपर्क के उद्देश्य से नुक्कड़ सभाएं आयोजित की थीं। आरोप है कि इन सभाओं के दौरान उन्होंने भाजपा के एक कद्दावर नेता पर न केवल निजी और अभद्र प्रहार किए, बल्कि बहुसंख्यक समाज को लेकर भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्होंने जनप्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी दी, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
शौकत अली के बयानों का वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में द्वेष फैलाने की कोशिश की गई है।

पुलिस ने लवकुश ओझा की तहरीर के आधार पर शौकत अली के अलावा स्थानीय सहयोगी शमीर अहमद चौधरी, सलमान मलिक, शम्श तबरेज खान, अब्दुल रहमान, अब्दुल हमीद और मौलाना अरबाब फारुखी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों को जुटाने में लग गई है।