अब्दुर्रहमान / कठेला
इटवा (सिद्धार्थनगर): इटवा थाना क्षेत्र के अमौली एकड़ेगा गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां अपने ननिहाल आई एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही दोनों गांवों (मायके और ससुराल) में मातम पसरा हुआ है।
खेल-खेल में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के ही मझौवा गांव निवासी महेंद्र पाल गौतम की पुत्री सौम्या (3 वर्ष) लगभग छह दिन पहले अपनी मां के साथ अमौली एकड़ेगा स्थित अपने ननिहाल आई थी। शनिवार को वह घर के अन्य बच्चों के साथ बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर के समीप स्थित तालाब के पास पहुंच गई और अचानक उसमें गिर गई।
तलाश के बाद मिला शव
जब काफी देर तक सौम्या कहीं दिखाई नहीं दी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। अनहोनी की आशंका में जब ग्रामीण तालाब की ओर गए, तो बच्ची का शव पानी में उतराता मिला। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में घुसकर शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस की कार्रवाई
ग्रामीणों की सूचना पर इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया (पंचनामा) पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।