Saturday, October 10, 2026
बांसी

डीएम का सख्त एक्शन: पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बांसी में औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक पर गिरेगी गाज

निजाम अंसारी

​सिद्धार्थनगर, 24 अगस्त 2026 — जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बांसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, पठन-पाठन और बुनियादी सुविधाओं का गहराई से जायजा लिया।

​उपस्थिति और कक्षाओं का जायजा

जिलाधिकारी ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं, बालक व बालिका छात्रावास और भोजनालय (मेस) का निरीक्षण कर छात्रों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

​गंदगी पर भड़के डीएम, अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश

विद्यालय परिसर और खेल के मैदान में भारी गंदगी व बड़ी-बड़ी घास देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने डिप्टी कमिश्नर, नवोदय विद्यालय समिति (लखनऊ) को प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संस्तुति पत्र भेजने का निर्देश दिया।

​15 दिन का अल्टीमेटम

डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने विद्यालय प्रशासन को कड़ा निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर परिसर की साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था (जनरेटर) को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। यदि तय समय सीमा में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।