Thursday, February 12, 2026
बांसी

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

J p yadav

बांसी, उत्तर प्रदेश: बांसी-बस्ती हाईवे पर काजी रुधौली चौराहे के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय बाइक सवार युवक शुभम तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए 50 बेड हॉस्पिटल बांसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​यह दुर्घटना रात करीब 11:30 बजे हुई, जब खेसरहा थाना क्षेत्र के बदुरगहना गांव निवासी शुभम तिवारी अपने मौसेरे भाई अश्वनी पांडेय और दोस्त उत्कर्ष सिंह के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बांसी कोतवाली क्षेत्र के सकतपुर जा रहे थे।

​पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, काजी रुधौली के पास अचानक एक सियार बाइक के नीचे आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस टक्कर के कारण बाइक चला रहे शुभम तिवारी को सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ बैठे अश्वनी और उत्कर्ष बेहोश हो गए।

​दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने शुभम के परिवार और पुलिस को सूचित किया। जब तक परिवार घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक शुभम की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कोतवाली बांसी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायल युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।