शोहरतगढ़। देवरुआ थाना क्षेत्र के इटवा-देवरुआ मार्ग पर बिगोवा नाले के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी हालत नाजुक बनी रही और मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इटवा कस्बे के डिहवा निवासी कन्हैया सोनी (28) के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार सुबह वह अपनी बाइक से इटवा से बढ़नी की ओर जा रहा था। इटवा-देवरुआ मार्ग पर रामनगर से आगे बिगोवा नाले के पास पहुंचते ही सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई।
हादसे में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही देवरुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. सरवन चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद कन्हैया को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देवरुआ थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।