Monday, April 13, 2026
डुमरियागंज

भीषण सड़क हादसा: इटवा में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को ट्रक ने रौंदा, सिस्टम की संवेदनहीनता से घंटों तड़पता रहा घायल

Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला इटवा-बिस्कोहर रोड स्थित सेमरी मोड़ का है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने घर लौट रहे एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्र के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
परीक्षा देकर लौट रहा था अरमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैलानी निवासी हाजी निसार का 18 वर्षीय पुत्र अरमान अली अपनी परीक्षा देकर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह सेमरी मोड़ के पास पहुँचा, अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।
सिस्टम पर सवाल: न पुलिस आई, न एंबुलेंस
इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं की पोल खोल कर रख दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एंबुलेंस उपलब्ध हो सकी। लहूलुहान छात्र सड़क पर तड़पता रहा। अंततः स्थानीय लोगों और परिजनों ने हिम्मत जुटाई और एक निजी वाहन की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इटवा पहुंचाया।
हालत नाजुक, मेडिकल कॉलेज रेफर
CHC इटवा के डॉक्टरों ने छात्र की गंभीर स्थिति और सिर में आई गहरी चोट को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया है। फिलहाल छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की इस देरी को लेकर भारी आक्रोश है।