Thursday, February 12, 2026
डुमरियागंज

सिद्धार्थ नगर – ​मां ने दो बेटियों के साथ नहर में लगाई छलांग, एक बच्ची लापता

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश: सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर पंचायत बढ़नी चाफा के हाडाडीह गांव की एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में महिला और उसकी एक बेटी को तो ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन दूसरी बेटी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।

डॉक्टर के यहां से लौटते समय हुआ हादसा

​ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हाडाडीह निवासी पूनम अपने पति बजरंगी सैनी की दो बेटियों, 5 वर्षीय हिमांंशी और 3 वर्षीय दिवांशी के साथ बढ़नी चाफा बाजार में किसी डॉक्टर के यहां इलाज कराने गई थी। वापस लौटते समय, जब वे विकास नगर वार्ड के पास से गुजर रही नहर के पुल पर पहुंचीं, तो पूनम ने अचानक अपनी चप्पलें उतारीं और अपनी दोनों बेटियों के साथ नहर के गहरे पानी में कूद गईं।

ग्रामीणों ने बचाई मां और एक बेटी की जान

​पुल से कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने इस भयावह दृश्य को देखा और तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और बड़ी मशक्कत के बाद पूनम और उनकी छोटी बेटी दिवांशी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हालांकि, बड़ी बेटी हिमांंशी पानी के तेज बहाव में बह गई, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। बचाई गई बच्ची दिवांशी को तुरंत पास के बेंवा सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बस्ती रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच और तलाश

​घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और लापता बच्ची हिमांशी को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।