Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

टीईटी की अनिवार्यता पर शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए भी टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्य करने के फैसले के विरोध में हजारों शिक्षकों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

​शिक्षकों की मांग है कि 25 अगस्त 2010 से पहले केंद्र सरकार और 29 जुलाई 2011 से पहले उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन नियुक्त शिक्षकों को सेवा में बने रहने या पदोन्नति के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

​प्रदर्शन के दौरान, शिक्षकों ने ‘टीईटी का निर्णय वापस लो’ जैसे नारे लगाए। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला लाखों शिक्षकों को तनाव और निराशा में डाल रहा है, जबकि शिक्षा अधिकार अधिनियम में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह परीक्षा उन शिक्षकों के लिए नहीं है जिनकी नियुक्ति अधिनियम लागू होने से पहले हुई थी। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भी इस निर्णय पर चिंता व्यक्त की और सरकार से शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कदम उठाने की अपील की।