सिद्धार्थनगर। शहर की पुरानी नौगढ़ बस्ती के मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के सामने नाला निर्माण का कार्य मंगलवार को शुरू हो गया। यह नाला शहर की पुरानी नौगढ़ बस्ती से बर्डपुर जाने वाली सड़क पर बारिश के दिनों में या अन्य दिनों में जल जमाव की समस्या को दूर करेगा।
इस नाले का निर्माण नगर पालिका सिद्धार्थनगर द्वारा किया जा रहा है। निर्माण के पहले मंगलवार को हनुमान मंदिर के सामने रखी हुई मूर्तियों और अन्य सामानों को सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया था, जिससे काम में कोई रुकावट न आए।
उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य के नेतृत्व में तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी, बीडीओ, नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक शीतल, लल्लू प्रसाद और नगरपालिका के अजय सिंह व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह काम करवाया गया। किसी भी तरह का क्षेत्रीय विरोध देखने को नहीं मिला।