बढ़नी: 9 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा गया
Kapilvastupost
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी 50वीं वाहिनी और ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। डढ़उल से मधवानगर रोड पर घेराबंदी कर टीम ने एक युवक को 9 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मधवानगर निवासी गुड्डू पुत्र राम बरन के रूप में हुई है।
बलरामपुर से लाता था खेप
एसएसबी बढ़नी के सहायक कमांडेंट अजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बलरामपुर से मधवानगर के रास्ते अवैध रूप से स्मैक की तस्करी करने वाला है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम को मौके पर तैनात किया गया। संदिग्ध अवस्था में पैदल आ रहे गुड्डू को जब रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से 9 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
मुनाफे के लालच में बना तस्कर
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह बलरामपुर के एक व्यापारी से स्मैक खरीदकर लाता था और स्थानीय क्षेत्रों में फुटकर में बेचता था। आरोपी के अनुसार, एक चक्कर में उसे करीब सात हजार रुपये का मुनाफा होता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सफल ऑपरेशन में एसएसबी 50वीं वाहिनी के एसआई सूरज रुम्बा, महांतेश दंडाई, आदित्य कुमार शर्मा, रविकांत सरोज, कुलदीप के साथ बढ़नी चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव और सरवर आलम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Ai images


