बढ़नी ब्लॉक के बैरिहवा, माधवनगर (गजेहड़ी) और जियाभारी में गुरुवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी गंभीर समस्याएं क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा के सामने रखीं। चौपाल में यूरिया की कमी, सड़कों की बदहाली और शिक्षा की दुर्दशा सबसे बड़े मुद्दे रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि सहकारी समिति बैरिहवा में केवल 250 बोरी यूरिया आया है, जो किसानों की जरूरतों के लिए बेहद कम है। मजबूरन किसानों को दूसरी समितियों पर जाना पड़ता है, लेकिन वहां सचिव अपने समिति से ही खाद लेने के लिए कहकर लौटा देते हैं।
सड़क और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा जताई। उन्होंने कहा कि गजेहड़ी उर्फ माधवनगर के बच्चों को प्राइमरी स्कूल जाने के लिए हाईवे पार कर करीब 2 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, क्योंकि गांव में प्राथमिक विद्यालय ही नहीं है। बरसात के दिनों में बच्चों के लिए यह सबसे बड़ी समस्या बन जाती है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं। समय माता स्थान से माधवनगर होते हुए बारहवां तक की सड़क पूरी तरह खराब है। सड़कों पर नालियों का पानी बहता है और बरसात में जलनिकासी की कोई व्यवस्था न होने से हालात और बिगड़ जाते हैं।
ग्रामीण शिव प्रसाद, राजू गौतम, गंगाराम और मोहन ने विधायक से सड़कों के निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
विधायक विनय वर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
इस मौके पर निसाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीराम निसाद, अनिल पांडेय, विजय प्रकाश साहू, रामदास मौर्य, प्रदीप कमलापुरी, त्रिभुवन अहरवार, संताराम आदि मौजूद रहे।