Saturday, October 10, 2026
डुमरियागंज

सिद्धार्थ नगर , स्कूटी से पीछा कर महिला के कान का झाला छीना, कान कटा; ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ा

Kapilvastupost

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नेबुआ पावर हाउस के पास दिनदहाड़े बाइक सवार महिला से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कान का झाला छीन लिया। छीनझपट के दौरान महिला का कान कट गया और वह लहूलुहान हो गई। पीड़िता के परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लूट का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ससुराल जाते समय नेबुआ पावर हाउस के पास हुई वारदात

इटवा थाना क्षेत्र के हथियवां गांव निवासी संजय कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ सितंबर को दोपहर लगभग दो बजे वह अपनी पत्नी सुनीता और साली विनीता को बाइक पर बैठाकर डुमरियागंज से अपने ससुराल महनुवा गांव जा रहे थे। बाइक पर बीच में उनकी पत्नी और पीछे साली विनीता बैठी थीं।

जैसे ही वे नेबुआ पावर हाउस से कुछ दूरी पर पहुंचे, पीछे से बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने जबरन विनीता के कान का झाला खींच लिया। खींचतान में विनीता का कान फट गया और खून बहने लगा।

धनोहरा चौराहे पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से धनोहरी की तरफ भागने लगे। संजय के शोर मचाने पर राहगीरों और ग्रामीणों ने उनका पीछा करना शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपियों को धनोहरा चौराहे पर स्कूटी समेत पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान डुमरियागंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 (हबीबुल्लाह नगर) निवासी गगन निषाद पुत्र सुभाष निषाद और वार्ड नंबर 10 (महाराजा अग्रसेन नगर) निवासी अकरम पुत्र स्व. मो. इसराइल के रूप में हुई।

कीचड़ व घास में फेंका झाला, पुलिस जांच में जुटी

मौके पर जब लोगों ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से झाला बरामद नहीं हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने भागते समय रास्ते में ही झाला फेंक दिया था। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ बताई गई जगह पर जाकर तलाश की, लेकिन अत्यधिक पानी, कीचड़ और घास होने के कारण झाला नहीं मिल सका।

प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।