Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंटरनेशनल एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित डॉ. भास्कर शर्मा, अब तक 300 से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय सम्मान अपने नाम

Kapilvastupost

डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉक्टर भास्कर शर्मा को होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध कार्य के लिए पुणे में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंटरनेशनल एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाजा गया है। 5 सितंबर 2026 को पुणे में आयोजित समारोह में बाइक इंटरनेशनल रिकॉर्ड बुक के डायरेक्टर डॉक्टर बीके बजाज ने सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश के डॉक्टर भास्कर शर्मा को यह अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।

डॉ. भास्कर शर्मा का नाम लार्जेस्ट होम्योपैथी लेसन के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। इसके अलावा विश्व के टॉप रिसर्च जर्नल पबमेड, स्कॉपस, पीर रिव्यूड और यूजीसी केयर रिसर्च जर्नल में उनके सौ से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। डॉक्टर शर्मा ने होम्योपैथिक चिकित्सा में किए गए उत्कृष्ट शोध कार्यों से अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी जन्मभूमि सिद्धार्थनगर का नाम रोशन किया है। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री राम नायक जी भी उन्हें होम्यो एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाज चुके हैं।

समारोह में डॉ. शर्मा को असम के पूर्व राज्यपाल डॉ. भीष्म नारायण सिंह, मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल डॉ. महावीर भाई , थाईलैंड के पूर्व उपप्रधानमंत्री कॉर्न डब्बारंसी, काठमांडू नेपाल की पूर्व राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी , इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश रविंद्र सिंह तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश शेखर यादव भी कई अवॉर्ड और गोल्ड मेडल से सम्मानित कर चुके हैं।

गौरतलब है कि डॉ. भास्कर शर्मा अब तक देश-विदेश से 300 से अधिक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं और 58 से अधिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में उनका नाम दर्ज है। होम्योपैथी व साहित्य पर उन्होंने अब तक 169 पुस्तकों का सृजन भी किया है। इससे पहले उन्हें नाइजीरिया के इमेरेट काउंसिल आफ फिजिकल एंड स्पिरिचुअल क्योर द्वारा ‘स्पेशल अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ तथा इंदौर में आयोजित समारोह में ‘इंटरनेशनल प्रेस्टीजियस अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

सम्मान पाने की खुशी में डॉक्टर कल्याण स्वरूप, डॉ. नसीम अख्तर, डॉ महेंद्र शुक्ला, डॉ अजीत, डॉ सी एल यादव, डॉ मनोज शर्मा आदि लोगों ने डॉ. भास्कर शर्मा को बधाई दी।