बढ़नी: ढेबरुआ थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है, जबकि बारिश के दिनों में भी खनन माफिया सक्रिय हैं। सूत्रों के अनुसार, टीशम, बरगदवा, और धनौरा बुजुर्ग में घोरही नदी के पास खाली पड़ी ज़मीनों पर रीपर लगाकर बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है।
खनन माफिया इस अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी को बढ़नी क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। यह सब तब हो रहा है, जब कुछ महीने पहले शोहरतगढ़ तहसील प्रशासन ने इसी जगह से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर कार्रवाई की थी। लेकिन “सेटिंग-गेटिंग” के चलते यह अवैध धंधा फिर से शुरू हो गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन अवैध कार्यों में लगी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। कई चालक तो बिना ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के ही ट्रैक्टर चला रहे हैं। इन ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन निजी कृषि कार्य के लिए है, लेकिन इनका इस्तेमाल अवैध रूप से मिट्टी ढोने में किया जा रहा है।
इस मामले में जब एसडीएम शोहरतगढ़ विवेक कुमार मिश्र से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे अभी नए आए हैं और मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसकी जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, खनन अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि बारिश के दिनों में इस तरह का खनन करना अगर संज्ञान में आता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।