Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

धान के खेत में खरपतवार नाशक छिड़कते समय किसान की मौत, दवा मुंह में जाने से बिगड़ी हालत

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के भटोली गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। धान के खेत में खरपतवार नाशक छिड़काव करते समय किसान की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटोली गांव निवासी 55 वर्षीय किसान गोले खेत में खरपतवार नाशक का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान दवा उनके मुंह में चली गई। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे जमीन पर गिर पड़े। परिवारजन व ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें स्वास्थ्य केंद्र बड़गुइर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक किसान की बहू सगीना ने बताया कि खेत से लौटते वक्त उनके शरीर में तेज जलन होने लगी थी और वे मदद करने वालों के हाथ-पांव भी मार रहे थे। थोड़ी ही देर में उनके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया।

रेसिडेंट अनिल कुमार ने बताया कि दवा के असर से उनकी आंखें भी सफेद पड़ गई थीं। किसान गोले के दो बेटे मुंबई में मजदूरी करते हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। परिवार पूरी तरह खेती पर आश्रित था।

ग्रामीणों के अनुसार, गोले मेहनती किसान थे और गांव में मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। 19 अगस्त को उनके दोनों बेटों के मुंबई से आने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

परिवार के सामने अब रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गुइर के अधीक्षक डॉ. सुधीर चंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।

बताते चलें कि खेतों में दवा छिड़काव के समय सावधानी बरतें विशेषज्ञों का कहना है कि खरपतवार नाशक या किसी भी तरह के कीटनाशक का छिड़काव करते समय मास्क, दस्ताने और उचित सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करना अनिवार्य है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।