सिद्धार्थनगर, 08 सितंबर। जनपद में सर्पदंश से लगातार हो रही मौतों पर अंकुश लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सभी CHC, PHC और ग्रामीण अस्पतालों में पर्याप्त एंटी-स्nake वेनम, 24 घंटे आपातकालीन उपचार, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाओं एवं आवश्यक उपकरणों की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की गई।
समय पर इलाज मिले तो बचाई जा सकती हैं जानें: अभिषेक दत्त धरना-प्रदर्शन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त ने कहा कि सर्पदंश से होने वाली मौतें केवल एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या नहीं हैं, बल्कि यह ग्रामीण गरीबों के जीवन से जुड़ा बेहद गंभीर जनहित का विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि समय पर मरीजों को एंटी-स्नेक वेनम और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा दी जाए, तो बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती है।
जागरूकता अभियान और एंबुलेंस सेवा सुदृढ़ करने की मांग युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाओं के बाद समय पर इलाज न मिल पाने की स्थिति पर गहरा चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए और एंबुलेंस व स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाया जाए।
बाढ़ प्रभावित सिद्धार्थनगर में अस्पतालों का बुरा हाल: क़ाज़ी सुहेल अहमद जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि सिद्धार्थनगर का एक बड़ा हिस्सा ग्रामीण और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र है, जहां सर्पदंश के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी गरीब परिवार के सदस्य की जान सिर्फ इसलिए नहीं जानी चाहिए कि नजदीकी सरकारी अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं था। उन्होंने जिले के सभी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को सर्पदंश के मानक उपचार का विशेष प्रशिक्षण देने की पुरजोर मांग की।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही भारी मौजूदगी इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक चौधरी रविन्द्र प्रताप, बख्तियार उस्मानी, अभिनय राय, जावेद मोकीम, बस्ती कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी, इस्तियाक अहमद , जिल्ले ग़ालिब ,पंकज चतुर्वेदी, डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, असलम खुर्शीद, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, बदरे आलम, शाहिद प्रधान, रितेश त्रिपाठी, जिल्ले गालिब, डॉ. प्रमोद कुमार सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।