Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

तुलसियापुर में सपा का PDA सम्मेलन: आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी में सरकार बनाने का लिया संकल्प

Nizam Ansari 

सिद्धार्थनगर (तुलसियापुर)। जनपद सिद्धार्थनगर के तुलसियापुर एवं बढ़नी क्षेत्र के समाजवादी पार्टी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सम्मेलन आयोजित किया गया। सपा के वरिष्ठ नेता उग्रसेन प्रताप सिंह की अगुआई में आयोजित इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंककर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मजबूत संकल्प लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता उग्रसेन प्रताप सिंह ने कहा कि वह हमेशा से कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की लड़ाई लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। उन्होंने जनता व कार्यकर्ताओं से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने की अपील की, ताकि प्रदेश में वंचितों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं को उनका हक व न्याय दिलाया जा सके।

अस्पताल, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा नेता शकील शाह, डॉ. मसूद खान और मास्टर महबूब साहब ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने अस्पताल, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के गिरते स्तर पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार पूंजीपतियों का कर्ज माफ कर रही है, जबकि गरीब किसानों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। किसानों से सवाल पूछते हुए नेताओं ने कहा कि क्या आज किसानों की आय दोगुनी हुई है?

बूथ और सेक्टर प्रभारी ही संगठन की असली कड़ी: वीरेंद्र तिवारी समाजवादी पार्टी के नेता वीरेंद्र तिवारी ने बैठक में मौजूद 148 बूथ प्रभारियों और 12 सेक्टर प्रभारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बूथ प्रभारी और सेक्टर प्रभारी ही वह मुख्य कड़ी हैं, जो पूरे गांव को जोड़कर बूथ जिताने का काम करते हैं।

इस अवसर पर हारून खान, सफीक खान, वाहिद खान, मसूद खान, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष खल्कुल्लाह खान, इब्राहिम बाबा, मो. जावेद शाह, शकील शाह, गुड्डू सिंह, राजेश सिंह और मो. जमील खान सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, सेक्टर व बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।