बंद स्कूलों वाले गांवों में ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान: मणेन्द्र मिश्रा ने 56 बच्चों को बांटी पढ़ाई किट, कहा— सपा सरकार आने पर खुलेंगे बंद हुए 26 हजार विद्यालय
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राइमरी स्कूल बंद हो चुके गांवों में बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में 31 अगस्त को समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में बढ़नी ब्लॉक के मोहनकोली गांव में एक कार्यक्रम आयोजित कर 56 बच्चों को पढ़ाई किट वितरित की गई।
बच्चों को बांटी गई इस विशेष किट में पानी की बोतल, किताबें, पेंसिल, रबर और कटर शामिल रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल बंद होने के बावजूद बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखना और उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। मोहनकोली गांव में महिलाओं, विशेष रूप से माताओं की समस्याओं और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा के जिन गांवों में प्राइमरी स्कूल बंद हो गए हैं, वहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
सपा नेता ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर बंद किए गए 26 हजार विद्यालयों को पुनः खोला जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों के बच्चों को एक बार फिर से सहज और सुलभ शिक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।
इस अवसर पर शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष रामबिलास चौधरी, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गोपाल फौजी, जोनल प्रभारी राकेश दूबे, छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, संजय यादव, रिजवान अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।