इटवा जनता सेवा अस्पताल केस: युवक से अभद्रता मामले में SP की बड़ी कार्रवाई, LIU कर्मी और कांस्टेबल समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने दिए प्रारंभिक जांच के आदेश, कहा- जांच के आधार पर होगी आगे की विधिक कार्रवाई
Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थनगर)। जनता सेवा अस्पताल के निरीक्षण के दौरान युवक के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के मामले में सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अभिषेक महाजन ने सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार देर रात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
जिन पुलिसकर्मियों पर यह गाज गिरी है, उनमें एलआईयू (LIU) कर्मी आकाश चौरसिया, कंप्यूटर ऑपरेटर विपुल राय और कांस्टेबल नरेंद्र देव चौहान शामिल हैं। लाइन हाजिर करने के साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या था पूरा मामला?
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इटवा कस्बे के सील बंद जनता सेवा अस्पताल में छापेमारी के दौरान राकेश यादव नामक युवक से पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया था। इस मामले में युवक के भाई राजेश यादव ने पुलिस पर मारपीट, अवैध हिरासत और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने त्वरित कार्रवाई की और तीनों कर्मियों को पुलिस लाइन संबद्ध कर दिया।
एसपी सिद्धार्थनगर का बयान
“प्रकरण में तीनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की निष्पक्ष प्रारंभिक जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।” — डॉ. अभिषेक महाजन, SP सिद्धार्थनगर


