Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

सिद्धार्थनगर: नन्हें वैज्ञानिक सुरेंद्र ने बढ़ाया मान, सभासद सतीश शर्मा ने ली स्नातक तक की पढ़ाई की जिम्मेदारी

kapilvastupost 

बढ़नी, सिद्धार्थ नगर।

नगर पंचायत बढ़नी बाजार स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय के छात्र सुरेंद्र कुमार ने ‘राष्ट्रीय आविष्कार अभियान’ के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। सुरेंद्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ खुशियों के बीच एक सराहनीय पहल देखने को मिली।

प्रतिभा को मिला सम्मान

हाल ही में जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रतियोगिता में सुरेंद्र कुमार के प्रोजेक्ट की सराहना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शैलेश कुमार, डायट प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार और जीआईसी/जीजीआईसी के प्रवक्ताओं द्वारा की गई थी। उस दौरान BSA द्वारा पुरस्कार स्वरूप सुरेंद्र को टैबलेट प्रदान किया गया था।

इसी क्रम में, विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सभासद सतीश चंद्र शर्मा ने सुरेंद्र को चांदी का सिक्का भेंट किया। वहीं, प्रधानाध्यापक जावेद आलम ने छात्र के पिता ओम प्रकाश और माता पुष्पावती को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

शिक्षा के लिए बढ़े हाथ: स्नातक तक का खर्च उठाएंगे सभासद

कार्यक्रम के दौरान सभासद सतीश चंद्र शर्मा ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सुरेंद्र एक अत्यंत प्रतिभाशाली बालक है और गरीबी को उसकी पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि कक्षा 9 से लेकर स्नातक (Graduation) तक की शिक्षा का सारा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। यह सुनकर सुरेंद्र के माता-पिता भाव-विभोर हो गए।

दादी का मिला सहयोग, गुरुजनों ने दी बधाई

अपनी सफलता का श्रेय देते हुए सुरेंद्र (शिवम) ने बताया कि उसकी शिक्षा और यहाँ तक पहुँचने में उसकी दादी का विशेष योगदान रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक योगेन्द्र प्रसाद पांडेय, नुपुर श्रीवास्तव, नरेन्द्र मणि त्रिपाठी, एआरपी विनीत भास्कर और पूर्व सभासद श्याम देव यादव सहित कई गणमान्य नागरिकों ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।