Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

बिस्कोहर में गणतंत्र दिवस की धूम: चौकी प्रभारी ने बांटे खिलौने, 150 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा ने भरा जोश

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद के बिस्कोहर क्षेत्र में देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। बिस्कोहर चौकी प्रभारी अमित कुमार शाही ने न केवल ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी, बल्कि अपनी टीम के साथ मिलकर स्थानीय बच्चों के बीच मिठाई और खिलौने वितरित किए। पुलिस के इस मानवीय चेहरे को देख बच्चे खुशी से झूम उठे और क्षेत्र के लोगों ने इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

देशभक्ति के नारों से गूंजा तिवारीपुर चौराहा

​वहीं दूसरी ओर, राम अचल पटेल विद्यालय द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। लगभग 150 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना था। यात्रा की शुरुआत विद्यालय परिसर में मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

​अमित पटेल, सत्येंद्र नाथ त्रिपाठी और अजीत पटेल की अगुवाई में यह यात्रा गोल्हौरा होते हुए तिवारीपुर चौराहे पर संपन्न हुई। सैकड़ों छात्र-छात्राओं के हाथों में लहराते तिरंगे और गगनभेदी नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

​विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में साक्षी पटेल, निशा, आस्था, सलोनी और सिद्धि त्रिपाठी सहित कई छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक लाल जी पटेल, अनिल पटेल और सुनील चौधरी सहित समस्त अध्यापक गण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।