मुंबई: जोगिया कोतवाली क्षेत्र के देवरा गांव के निवासी चंद्रभूषण (26) का शव सोमवार सुबह मुंबई के विरार में एक आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना से उनके परिवार में मातम छा गया है। परिवार ने चंद्रभूषण की हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चंद्रभूषण अपनी पत्नी और परिवार के साथ मुंबई के विरार में रहकर एक दुकान पर काम करते थे। रविवार को वे गणपति विसर्जन में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। परिवार का कहना है कि उन्हें कुछ लोग बुलाकर अपने साथ ले गए थे। जब रात तक वह घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी ने मुंबई में रहने वाले अपने देवर को इसकी सूचना दी। परिवार ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह, विरार के एक बाग में एक पेड़ से लटकता हुआ शव मिला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे उनके भाई विजय ने शव की पहचान चंद्रभूषण के रूप में की। विजय का आरोप है कि उनके भाई की हत्या करके शव को पेड़ से लटकाया गया है।
मुंबई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार ने पुलिस से हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। चंद्रभूषण की मौत की खबर से उनके गांव देवरा में भी शोक की लहर है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि शव का अंतिम संस्कार मुंबई में होगा या उसे पैतृक गांव लाया जाएगा।