कपिलवस्तु, नेपाल: नेपाल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे ड्रग विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर नगर पालिका में एक 20 वर्षीय भारतीय युवक को 50 ग्राम से अधिक स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है।
कपिलवस्तु के डीएसपी और सूचना अधिकारी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झंडेनगर में एक युवक ड्रग्स तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही कृष्णनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को मादक पदार्थ के साथ उसके ठिकाने से पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान मोहम्मद कैफ (20 वर्ष) उर्फ राजा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का निवासी है और फिलहाल सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में रहता है। नेपाली पुलिस ने उसके पास से एक सफेद पॉलीथीन में छिपाकर रखी 50 ग्राम 810 मिलीग्राम स्मैक बरामद की।
नेपाल के लागू औषधि अधिनियम के तहत मोहम्मद कैफ पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए उसे कपिलवस्तु जिला न्यायालय से 8 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि ड्रग तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाया जा सके।