Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

सिद्धार्थनगर में यूरिया की किल्लत पर विधायक विनय वर्मा गंभीर, डीएम को पत्र लिख जताई चिंता

विधायक ने डीएम से इस प्रकरण की तत्काल जांच कर किसानों को खाद उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ एवं जनपद के अन्य क्षेत्रों में यूरिया की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को पत्र लिखकर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद जिले में यूरिया की भारी कमी बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली योजनाओं के बावजूद किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है।

उन्होंने लिखा कि जनता दरबार में प्रतिदिन सैकड़ों शिकायतें आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि कुछ अधिकारियों की संलिप्तता से यूरिया का कृत्रिम संकट पैदा किया गया है और संभवतः इसकी अवैध तस्करी भी हो रही है। किसानों को खाद न मिलने से उन्हें अन्य जिलों से यूरिया लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

विधायक विनय वर्मा ने सवाल उठाया कि जब अधिकारी दावा कर रहे हैं कि 80 फीसदी यूरिया का वितरण हो चुका है, तो जनप्रतिनिधियों को भी इसकी सही स्थिति से अवगत क्यों नहीं कराया जा रहा? उन्होंने कहा कि यदि वितरण पारदर्शी तरीके से हो रहा है, तो विधायकों को बुलाकर सही स्थिति दिखानी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों के रवैये को घोर लापरवाही बताते हुए कहा कि इस अव्यवस्था से सरकार की छवि धूमिल हो रही है और माननीय कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित शीर्ष नेतृत्व का नाम अनुचित रूप से खराब किया जा रहा है।