Saturday, October 10, 2026
शोहरतगढ़

प्राइम टाइम स्पेशल सिद्धार्थनगर: 11 दिनों से लापता बच्चे का नहीं मिला सुराग, पिता ने पुरानी रंजिश में किडनैपिंग की जताई आशंका, पुलिस से लगाई गुहार

Kapilvastupost

कोटिया बाजार (सिद्धार्थनगर)। थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोटिया बाजार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार का बेटा पिछले 11 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। पीड़ित पिता ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही गांव के दो लोगों पर बेटे को गायब करने अथवा अपहरण (किडनैप) करने की गंभीर आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।

क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटिया बाजार निवासी सुहेल अहमद पुत्र लुटावन अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। इस दौरान उनका बेटा आमिर घर पर अकेला था। पीड़ित के मुताबिक, बीते 25 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 3:00 बजे अचानक उनका बेटा आमिर गायब हो गया।

पुरानी रंजिश में किडनैपिंग का आरोप परिवार के लौटने पर जब काफी खोजबीन के बाद भी लड़के का कोई पता नहीं चला, तो पीड़ित पिता ने पुलिस चौकी इंचार्ज (कोटिया बाजार) को लिखित शिकायत दी। आवेदन पत्र में पिता सुहेल अहमद ने स्पष्ट किया है कि उनकी गांव के ही कयूम पुत्र कल्लू और शकील मास्टर से पुरानी रंजिश चल रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इन्हीं दोनों व्यक्तियों का उनके बेटे को गायब करने या किडनैप कराने में हाथ हो सकता है।

11 दिन बीतने के बाद भी सुराग नहीं घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक लापता आमिर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे के अचानक गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उनके बेटे की सकुशल बरामदगी हो सके।