तिनछठी व रक्षाबंधन पर भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने महिलाओं को दी सौगात, बढ़नी डाक बंगला में बांटी साड़ियां
Nizam Ansari
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): त्योहारों के पावन अवसर पर मातृशक्ति के सम्मान और सहयोग का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। नगर पंचायत बढ़नी स्थित डाक बंगला परिसर में भाजपा नेता और समाजसेवी श्याम जायसवाल द्वारा गरीब, निराश्रित और वंचित महिलाओं के सम्मान में साड़ी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। रक्षाबंधन और तिनछठी पर्व के दृष्टिगत आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों माताओं और बहनों ने भाग लिया।
बहनों ने बांधी राखी, मिला रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान एक ओर जहां श्याम जायसवाल ने माताओं और बहनों को नए वस्त्र भेंट किए, वहीं उपस्थित महिलाओं ने भावुक होकर भाजपा नेता को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की मंगल कामना की।
मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं विशिष्ठ अतिथि भाजपा जिला महामंत्री फतेह बहादुर सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की उज्ज्वला जैसी कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी दलगत राजनीति का हिस्सा न होकर श्याम जायसवाल का निजी सामाजिक प्रयास है।
1 लाख साड़ियां बांटने का लक्ष्य
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा:
“मातृशक्ति का सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति की सबसे खूबसूरत परंपरा है। बहनों के चेहरों पर यह खुशी मेरे लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय पल है। मेरा उद्देश्य है कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र की कोई भी गरीब बहन त्यौहार के दिन नए कपड़ों से वंचित न रहे।”
उन्होंने जानकारी दी कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र (302) में गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाली 1 लाख महिलाओं को साड़ी भेंट करने का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक का वितरण:
-
पूर्व में वितरित: कंडवा डीह कसारा, पारस्पिंडा, जागरगठिया, जमुनी, बैलगड़ा, बभनी, पकडिहवा, महला, महली, करहिया, बैडौला, लुच्चियान, मदरहना, रमवापुर तिवारी, बंचौरा, इटवा गाँव, गुजरौलिया, रेकहट और मिझवानियां आदि गांवों में करीब 12,000 साड़ियां बांटी जा चुकी हैं।
-
बढ़नी में आयोजन: इसी अभियान के तहत बढ़नी डाक बंगला में कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद बहनों को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप वस्त्र दिए गए।



