बढ़नी (सिद्धार्थनगर): ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी नगर स्थित वार्ड कल्लनडीहवा में सर्पदंश से एक 16 वर्षीया किशोरी की असमय मौत हो गई। घर की सीढ़ियों पर बैठे विषधर (कोबरा) ने किशोरी पर हमला कर दिया, जिससे परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
गर्मी के कारण छत पर जाने के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, वार्ड कल्लनडीहवा निवासी ध्रुव चतुर्वेदी के परिवार के सदस्य रात में गर्मी के चलते छत पर सोने गए थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी 16 वर्षीया पौत्री अनामिका भी छत पर जाने के लिए सीढ़ियों की तरफ बढ़ी। सीढ़ी पर अंधेरा होने के कारण वहां पहले से बैठे कोबरा पर उसकी नजर नहीं पड़ सकी और सांप ने उसे लगातार दो बार डस लिया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल अनामिका को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले गए। किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।