Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): थाना क्षेत्र के पकड़ी चौराहा के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक 35 वर्षीय युवक नशे की हालत में ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर के अंतिम छोर पर देख स्थानीय लोगों के सांसें अटक गईं। सूचना मिलते ही एसडीएम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
ग्रामीणों ने समझा मैकेनिक, फिर खुली पोल
युवक की पहचान ग्राम बैदौली निवासी परशुराम उर्फ चुल्हई (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब युवक टावर पर चढ़ रहा था, तो लोगों को लगा कि शायद कोई तकनीकी कर्मचारी मरम्मत के काम से ऊपर जा रहा है। लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरा और संदिग्ध हरकतें करने लगा, तब लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रशासनिक अमला तैनात, रेस्क्यू में छूटे पसीने
मामले की संजीदगी को देखते हुए एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया। मौके पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुला ली गईं। पुलिस के जवान लगातार युवक को नीचे उतारने की कोशिश और मान-मनौव्वल करते रहे, लेकिन युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में ईंगल पकड़कर खड़ा रहा।
एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि युवक काफी ऊंचाई पर पहुंच गया है, जिससे बचाव दल के लिए भी ऊपर चढ़ना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि युवक कहीं ऊपर से कूद न जाए, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस और रेस्क्यू टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।