Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बढ़नी कस्बे में बेशकीमती सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं की गिद्ध दृष्टि जमी हुई है। ताज़ा मामला ग्राम मुड़िला शहरी के गाटा संख्या-3 का है, जहाँ ‘नो-मैन्स लैंड’ से सटी नगर पंचायत की लगभग 9 बीघा (1.126 हेक्टेयर) आबादी भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग और निर्माण का खेल चल रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जून 2024 में नगर पंचायत चेयरमैन सुनील अग्रहरी द्वारा जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देने और तहसील प्रशासन द्वारा काम रुकवाए जाने के बावजूद, भू-माफियाओं के हौसले पस्त नहीं हुए हैं।
रविवार को चोरी-छिपे शुरू हुए कार्य को अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने कर्मियों को भेजकर रुकवाया था, लेकिन सोमवार को प्रशासन को चुनौती देते हुए पुनः बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि प्रशासनिक ढिलाई के कारण ही माफिया इस बेशकीमती जमीन को टुकड़ों में बेचकर मोटी कमाई करने की फिराक में हैं।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मामला संज्ञान में है और लेखपाल व कानूनगो को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।