Thursday, February 12, 2026
बांसी

बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर भीषण हादसा, बेकाबू डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंदा; मौके पर मौत

Kapilvastupost

बांसी, सिद्धार्थनगर: पथरा बाजार थाना क्षेत्र के टेढ़िया चौराहे के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका साला भी घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

​जानकारी के अनुसार, बांसी कोतवाली क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 20 वर्षीय शिवपूजन पुत्र बाबूराम अपने साले प्रभु (17) पुत्र राधेश्याम के साथ बाइक से डुमरियागंज की ओर से आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित टेढ़िया चौराहे के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक लड़खड़ाकर डंपर के नीचे आ गई।

​इस हादसे में बाइक चला रहे शिवपूजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे प्रभु घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पथरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। घायल प्रभु को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।

​पथरा बाजार के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत को उजागर किया है।