सिद्धार्थनगर। बढ़नी नगर पंचायत क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी सौगात मिली है। रविवार की देर शाम नगर पंचायत बढ़नी के वार्ड नंबर 2 में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से बने वाटर एटीएम का शुभारंभ ज्योतिषाचार्य नंदकिशोर शर्मा और उनकी पत्नी के कर-कमलों द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अहमद ने कहा कि वार्ड नंबर 2 में अब तक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। चुनाव जीतने के बाद मेरा संकल्प था कि यहां के लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाए। आने वाले समय में हर घर जल योजना के तहत मार्च तक सभी घरों में पाइपलाइन से पानी पहुँचाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
उद्घाटन के बाद नंदकिशोर शर्मा की पत्नी ने सिक्का डालकर पहली बार 20 लीटर शुद्ध पेयजल निकाला। शुद्ध पानी निकलते ही मौजूद लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अधिकारी अजय कुमार, एडवोकेट धर्मेंद्र पाठक, बबलू, धर्मपाल, रामराज कौशिक, अरशद खां, संतोष, भोला अहमद, विजय शर्मा, राजा अहमदी, रामकुमार, गौतम, मुकुल शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।